ललितपुर। कोरोना पीड़ित मरीजों को निशुल्क ऑक्सीजन की व्यवस्था के लिए अन्नपूर्णा सेवा संघ द्वारा अन्नपूर्णा ऑक्सीजन बैंक एवं केयर सेंटर का शुभारंभ सोमवार 17 मई को सुबह 11 बजे से कोतवाली के सामने शिक्षक रैन बसेरा में प्रारंभ किया जा रहा है।
महामारी के चलते अस्पतालों में ऑक्सीजन की दिक्कत हो रही है। इसे देखते हुए अन्नपूर्णा सेवा संघ ने शहर को निशुल्क ऑक्सीजन प्रदान करने के लिए बीड़ा उठाया है। इसमें सहयोग के लिए रवि तिवारी ने लगभग 45 लाख के दान की घोषणा की और 50 छोटे सिलिंडर और 30 जंबो सिलिंडर उनके द्वारा बुक किए जा चुके हैं जिसमें से 20 जंबो सिलिंडर प्रदान किए जा चुके हैं। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए झांसी से गुप्त दाता परिवार द्वारा और अजय साहू द्वारा 5 लीटर वाली 15 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर तुरंत प्रदान किए गए। सिद्धि बाहुबली हॉस्पिटल के डॉ. आलोक जैन द्वारा उपयोग के लिए 10 हाइड्रोलिक पलंग, टेबल और 2 ऑक्सीजन सिलिंडर भरे हुए प्रदान किए गए। साथ ही मरीजों को किस तरह से ऑक्सीजन प्रदान की जाए इसकी जानकारी दी।
संस्था के अन्य दानदाताओं ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और अन्नपूर्णा ऑक्सीजन बैंक एवं केयर सेंटर में धनराशि देते हुए इसके संचालन की शुभकामनाएं दी। डॉ. अक्षय टरैया ने मरीजों का हाल-चाल लेने के लिए समय प्रदान करने की घोषणा की। संस्था के कोषाध्यक्ष स्वदेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष जगजीत सिंह बॉबी, मीडिया प्रभारी विनय ताम्रकार, प्रिंस जैन, प्रखर जैन, आनंद कुशवाहा, शुभम अग्रवाल ने केयर सेंटर और ऑक्सीजन बैंक को व्यवस्थित करने में अपना सराहनीय योगदान दिया। सुरेंद्र रसिया ने सभी 20 पलंग के लिए ओढ़ने-बिछाने की नई चादर प्रदान की। विनय जैन उदित जैन जड़ी बूटी वालों ने एवं गुलशन सराफ निहारिका ने भी अपना एक-एक सिलिंडर प्रदान किया। सुरेश बडेरा साकेत बडेरा ने निशुल्क टेबल कुर्सी व कूलर प्रदान किए। अन्नपूर्णा सेवा संघ ने अनुरोध किया कि यदि किसी पोस्ट कोविड मरीज को ऑक्सीजन के लिए आवश्यकता होगी तो वह केयर सेंटर में रहकर ऑक्सीजन ले सकते हैं। अगर उनको घर में ऑक्सीजन की आवश्यकता है तो उनको संस्था द्वारा ऑक्सीजन कंसंट्रेटर निशुल्क प्रदान किया जाएगा। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि यह पूरी व्यवस्था जनहित में निशुल्क दी जा रही है। किसी भी प्रकार से ऑक्सीजन की परेशानी को दूर करने के लिए 9450371475, 8770858622, 9415508641 व 8299509176 पर संपर्क कर सकते हैं।