ललितपुर। जिलाधिकारी ने विभिन्न अधिकारियों की निरीक्षण आख्या पर लापरवाहों
के खिलाफ कार्रवाई का डंडा चला दिया है, जिसमें सरखड़ी के अधूरे कक्षा
कक्ष पर खंड शिक्षा अधिकारी व प्रधानाध्यापक को प्रतिकूल प्रविष्टि दी।
वहीं, समग्र ग्राम में मनरेगा के कार्य नहीं चलने पर रोजगार सेवक को
बर्खास्त करने व सचिव की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
ब्लाक जखौरा कार्यालय में कमियां मिलने पर सीडीपीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के लिए निर्देशित किया।
डीपीआरओ
टी आर मौर्य ने प्राथमिक विद्यालय सरखड़ी में निरीक्षण के दौरान पाया कि
अतिरिक्त कक्षा कक्ष अपूर्ण है। दीवाल की लंबाई 20 फुट, चौड़ाई 19 फुट व
ऊंचाई 7 फुट चिनाई पाई गई, शेष भवन अधूरा है। प्रधानाध्यापक भगवान सिंह ने
बताया कि अतिरिक्त कक्षा कक्ष का निर्माण वर्ष 2006-07 है। प्रधानाध्यापक
भगवान सिंह ने बताया कि कक्षा कक्ष का निर्माण प्रधानाध्यापक पूरनचंद जैन
के कार्यकाल में कराया गया।
मौके पर प्रधानाध्यापक निर्माण संबंधी
अभिलेख की जगह केवल पत्र व्यवहार रजिस्टर ही दिखा सके। इससे 90 हजार रुपये
के गबन की स्थिति बनती है। पूर्व प्रधान एवं कार्य प्रभारी इसके उत्तरदायी
हैं। इस पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक व खंड शिक्षा अधिकारी को प्रतिकूल
प्रविष्टि देने के निर्देश दिए, साथ ही कहा कि दुरुपयोग की गई धनराशि की
वसूली की जाए। मड़ावरा खंड विकास अधिकारी की निरीक्षण आख्या पर पूर्व
माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अर्चना पांडे व खंड शिक्षा अधिकारी
को आरोप पत्र देने को कहा है। खंड विकास अधिकारी के निरीक्षण के दौरान 16
मई को स्कूल नामांकित 94 के मुकाबले तीन बच्चे मिले थे। खंड विकास अधिकारी
गजेंद्र प्रताप सिंह 25 मई को समग्र ग्राम कुम्हैंड़ी का निरीक्षण किया था।
इस दौरान बुंदेलखंड विकास निधि से बनाए जा रहे सीसी रोड की गुणवत्ता ठीक
नहीं पाई गई। वहीं, मनरेगा के अंतर्गत कोई कार्य चलते हुए नहीं पाया गया।
वित्तीय वर्ष में अभी तक लक्ष्य के सापेक्ष धनराशि का व्यय नहीं किया गया।
इस पर डीएम ने ग्राम पंचायत सचिव की एक वेतन वृद्धि रोक दी और रोजगार सेवक
को बर्खास्त करने के लिए निर्देशित किया। सीसी रोड निर्माण की गुणवत्ता
जांचने के लिए तकनीकी जांच के निर्देश दिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने शहर व
जखौरा कार्यालय का निरीक्षण किया, जिसमें मुख्य सेविकाओं की निरीक्षण
आख्याएं व दैनिक डायरी भरी नहीं मिली। इस पर डीएम ने सीडीपीओ जखौरा को
प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। वहीं, शहर बाल विकास कार्यालय की
मुख्य सेविकाओं के वेतन रोक दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सतेंद्र कुमार
ने नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दैलवारा का निरीक्षण किया। इस दौरान
बताया गया कि उप केंद्र राखपंचमपुर नहीं खुल रहा है। जिस पर डीएम ने डा.
जगरिया की वेतन रोकने व एएनएम को बर्खास्त करने के लिए निर्देशित किया।