संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जंगली जानवरों की स्थिति व उनकी गतिविधि पर नजर रखने के लिए जंगलों में ट्रैप कैमरे लगाए जाने हैं। यह कैमरे गौना, मड़ावरा व ललितपुर रेंज में लगाए जाएंगे। इन कैमरों से जानवरों का रूट चार्ट तैयार किया जाएगा। रविवार से कैमरे जंगलों में लगने प्रारंभ हो जाएंगे। तीन रेजों में ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे। इनकी मदद से जानवरों का रूट चार्ट तैयार किया जाएगा, जिसका समय आदि नोट किया जाएगा। उन इलाकों में उस समय किसी भी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित होगा।
भालुओं के प्राकृतिक आवासों की होगी खोज
इन कैमरों की मदद से वन विभाग जंगल में भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखेगा। साथ ही उनके प्राकृतिक आवास खोज कर उस इलाकों को संरक्षित किया जाएगा। भालुओं की संख्या का सही आकलन कर उनके लिए नई कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
वाइल्ड लाइफ की मिलेगी विस्तृत जानकारी
इन कैमरों की मदद से वाइल्ड लाइफ की विस्तृत जानकारी प्राप्त होगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि जिन पशुओं की मौजूदगी की जानकारी विभागीय लोगों को नहीं है, उनकी भी जानकारी मिल जाएगी।
-
रविवार से जंगलों में ट्रैप लगने शुरू हो जाएंगे। कैमरों की सुरक्षा के लिए मजबूत लोहे का बॉक्स बनाया गया है, जिससे कोई जानवर इन कैमरों को क्षति न पहुंचा सके।
गौतम सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी।