डायल 100 यूनिट ने बुधवार को कड़ेसराकला के पास 28 भैंस और चार पड़ों को बुरी तरह ठूंसकर ले जा रहे दो ट्रकों को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों ट्रकों के चालकों के खिलाफ कोतवाली में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया। पशुओं को पोटा मैदान पर उतार कर उनके लिए चारा पानी का प्रबंध किया गया। इस मौके पर विश्व हिंदू महासंघ और गोरक्षा मंडल के सदस्य मौजूद रहे।
बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि दो ट्रकों में कुछ जानवर गोकशी के लिए झांसी ले जाए जा रहे हैं। जिस पर तत्काल 100 नंबर डायल सेवा ने कड़ेसराकलां के पास चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच उन्हें ललितपुर की ओर से ट्रक क्रमांक एमपी - 04 - जीए -6391 एवं यूपी - 93 टी - 9301 आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोक कर तलाशी ली। पुलिस को दोनों ट्रकों में 28 भैंस और 4 पड़े भरे मिले। उनके हाथ पैर बुरी तरह से बंधे थे।
पुलिस ने दोनों ट्रकों को कोतवाली में लाकर खड़ा करवा दिया। इसकी सूचना जैसे ही गो रक्षा मंडल एवं विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं को हुई तो उनमें रोष फैल गया। उन्होंने इस मामले को लेकर खूब हंगामा किया। दोनों ट्रकों के चालक हरफान पुत्र मकबूल खां निवासी सेरवास थाना पठारी जिला विदिशा एवं अलीम पुत्र अहमद खां निवासी ग्राम लहरा थाना कुरवाई जिला विदिशा मध्य प्रदेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। बाद में पुलिस ने इन जानवरों को चंदन चतुर्वेदी के सुपुर्द कर दिया।
पानी और चारे पर टूट पड़े जानवर
तालबेहट (ललितपुर)। पोटा मंदिर मैदान पर जैसे ही पशुओं को ट्रक से उतरा गया उन्होंने समीप लगे ट्यूबवेल पर पानी देखते ही दौड़ लगा दी। वहां पशुओं ने पानी पिया और भूसा खाया। गो सेवकों ने भूसे का इंतजाम किया था।