ललितपुर। अफसरों से नाराज भाजपा के सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि सड़कों की समस्या को लेकर वह नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को बुलाकर बात करेंगे। उन्होंने कहा कि सिद्दन रोड की सीसी सड़क बनवाने सहित अन्य सड़कों के निर्माण में हो रही देरी किन कारणों से हो रही इसकी जानकारी लेंगे।
गौरतलब हो कि शहर के सदन शाह से बुढ़वार मार्ग से जाने वाला सिद्दन रोड के दलदल में तब्दील होने से आम नागरिकों के साथ इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पालिका प्रशासन ने इस सड़क के गड्ढों को सीसी से भरवाने के लिए 35 लाख का बजट मंजूर किया है लेकिन सदर विधायक को यह रास नहीं आ रहा। उनका कहना है कि यह सड़क सीसी बनना चाहिए जिससे कुछ समय चल सके। इसके लिए जरूरत पड़ने पर पह अपनी निधि और सांसद निधि से धनराशि जारी करवाकर सड़क को मजबूत बनवाना चाहते हैं। उन्होंने साफ कहा कि जनता ने दूसरी बार उन पर जो विश्वास जताया है वह टूटने नहीं देंगे। जल्द ही नगर पालिका के ईओ को बुलाकर निर्माण कार्यो में जो रूकावट आ रहीं है उसे दूर कराएंगे। उन्होंने विद्युत विभाग के अफसरों के प्रति भी नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों को अस्थाई कनेक्शन देने के बाद निर्धारित समयावधि पूरी होते ही जुर्माना का नोटिस थमा देना उचित नहीं था। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सूची उपलब्ध कराए तो समस्या का समाधान करा देंगे लेकिन महकमा के अधिकारियों ने उन्हें अब तक सूची नही दी है। उन्होंन कहा कि अभी तक तो पत्र से शिकायत की है यदि अफसरों की कार्यप्रणाली में सुधार न हुआ तो वह मुख्यमंत्री से मिलकर समस्याओं का निस्तारण कराएंगे।