मृतक की बहन ने अपने पति व ससुरालीजनों पर लगाए आरोप, 16 फरवरी को बांध में मिला था छात्र का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। गोविंद सागर बांध में इंटर के 18 वर्षीय छात्र हर्षित रैकवार के मिले शव के मामले में पुलिस ने जीजा लाेकेश माझी और उसके परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल करने में जुटी हुई है। वह 15 फरवरी से लापता हो गया था।
शहर के मोहल्ला चौबयाना निवासी हर्षिता रैकवार पुत्री महेश रैकवार ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें उसने बताया कि उसका भाई हर्षित पिछले आठ दिन से उससे कहता था कि जीजा लोकेश व उनके परिजन निवासी अजयगढ़ जिला पन्ना (मप्र) ने उसे झूठे मुकदमे में फंसा दिया है, जो सतना मप्र में दर्ज है। इससे उसका जीवन बर्बाद हो गया है और उसकी पढ़ाई-लिखाई का कोई मतलब नहीं रह गया है। अब उसे जेल जाना होगा।
इस पर वह अपने भाई हर्षित को समझाती थी। घरवाले भी उसे सांत्वना देने थे लेकिन उसका भाई सदमे में रहने लगा। वह व उसके परिजन सतना के न्यायालय में जमानत कराने के लिए गए थे। इसी दौरान हर्षित का जीजा लोकेश व उनके परिजनों ने धमकी दी कि उसे और उसके घरवालों को कई मामले में फंसाकर जेल में सड़वा देंगे।
आरोप लगाया कि ससुरालवालों की प्रताड़ना के चलते उसके भाई ने आत्महत्या की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कार्रवाई की जा रही है।