अमर उजाला द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में मेधावी छात्र छात्राओं का मेडल व प्रमाण पत्र से हुआ सम्मा?
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। अमर उजाला मेधावी सम्मान समारोह मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। इस सम्मान समारोह में यूपी बोर्ड के जिले में प्रथम तीन स्थान पाए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावियों को मुख्य अतिथि जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने सम्मानित किया। इस मौके पर डीएम ने कहा कि जिस तरह इन मेधावियों ने जिले का नाम रोशन किया है उसी तरह प्रत्येक विद्यार्थी को सफलता के लिए एकाग्रचित्त होकर मेहनत करनी चाहिए। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। अधिकांश बच्चों ने बताया कि इससे पहले उन्हें कोई पुरस्कार नहीं मिला था। सम्मानित होने का यह क्षण उनके लिए अवस्मरणीय रहेगा।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता। अगर आप अपने जीवन में सफल होना चाहते हैं तो परिश्रम से कभी मुंह नहीं मोड़ें। अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार परक शिक्षा के लिए बढ़ावा दे रही है। अत: आप सब उसका लाभ उठाएं। जिस तरह अच्छे अंक प्राप्त कर आपने जिले का मान बढ़ाया है उसी तरह आप अपनी मेहनत से देश का नाम भी रोशन करें। इस मौके पर एडीएम, अनिल कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ. प्रताप सिंह, सीडीओ अनिल कुमार पांडेय, डीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी समेत अनेक अधिकारी और अभिभावक उपस्थित रहे।
पूरी तन्मयता से तैयारी करें तो सफलता अवश्य मिलेगी : जिलाधिकारी
छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देते हुए मुख्य अतिथि जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने कहा कि शिक्षा ही वह कुंजी है जो आपको उच्चतम स्तर तक ले जाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होने की वजह से ही वर्तमान में नौजवानों और बेटियों में जो आगे बढ़ने की ऊर्जा उत्पन्न हुई है, वह सराहनीय है। छात्र-छात्राओं से कहा कि आप देश के भविष्य हैं और देश का भविष्य आपके कंधों पर टिका है। छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बेटियां आगे बढ़ स्वयं को आत्मनिर्भर करेंगी तो अशिक्षा और बेरोजगारी का समाधान स्वयं ढूंढ लेंगी। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता से घबराएं नहीं अपितु पूरी तन्मयता से तैयारी करें तो सफलता अवश्य मिलेगी। कहा कि असफलता केवल यह सिद्ध करती है कि सफलता का प्रयास पूरे मन से नहीं किया गया है। अत: आप लक्ष्य के प्रति एकाग्रचित हो जाएं तो सफलता आपके कदम चूमेगी।