ललितपुर। सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए रविवार को बुंदेलखंड विकास सेना ने कंपनी बाग में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी से जांच कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बुंदेलखंड विकास सेना प्रमुख हरीश कपूर टीटू ने आरोप लगाया कि शहर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में बिना सुविधा शुल्क के कोई काम नहीं किया जाता है। दूर गांव से आने वाले गरीबों और किसानों को अपने काम के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दलालों के माध्यम से लोगों से सुविधा शुल्क की मांग की जाती है। उन्होंने आगे कहा कि तहसील स्तर पर खसरा-खतौनी की नकल, आय-जाति प्रमाणपत्र, हदबंदी समेत अन्य कार्यों के लिए भी लोगों को परेशानियां उठानी पड़ती हैं। इससे गरीब और किसान वर्ग परेशान हो जाता है। उन्होंने जिलाधिकारी से शहर के सरकारी कार्यालयों में व्यवस्थाओं की जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन में कदीर खान, फूलचंद, लालचंद, पंडित मुन्नालाल, राजकुमार कुशवाहा, कमल विश्वकर्मा, काशीराम विश्वकर्मा, खेमचंद कुशवाहा आदि शामिल रहे।