ललितपुर। कोरोना महामारी से बचाव एवं स्वमूल्यांकन हेतु सरकार द्वारा ‘आरोग्य सेतु’ के नाम से आधुनिक मोबाइल एप का विकास किया है, जोकि कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे एवं जोखिम का आंकलन करने में नागरिकों की मदद करता है। जिलाधिकारी ने इस एप को सभी लोगों को डाउनलोड करने को कहा है।
यह मोबाइल ऐप ब्लूटूथ, लोकेशन एवं मोबाइल नंबर का उपयोग कर आसपास मौजूद कोरोना संक्रमित लोगों के बारे में अलर्ट जारी करता है। भारत सरकार द्वारा जारी किया गया आधिकारिक एप ही इनस्टॉल करें। उक्त विशिष्टताओं के अतिरिक्त इसमें राज्यवार कोरोना हेल्पलाइन सेंटर की सूची उपलब्ध है। इस एप के माध्यम से उपयोगकर्ता द्वारा किसी भी समय पूर्व निर्धारित प्रश्नों का उत्तर देकर स्वयं अपना मूल्यांकन किया जा सकता है। एप के समस्त डाटा को भारत सरकार द्वारा निजता कानून के तहत सुरक्षित रखा जाता है।
आरोग्य सेतु एप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों पर उपलब्ध है। अंग्रेजी और हिंदी समेत आरोग्य सेतु एप 11 भाषाओं में उपलब्ध है और इंस्टॉल करने के बाद एप को खोलें। अपनी पसंदीदा भाषा को चुनें और नए पेज पर इनफॉर्मेशन पेज को ध्यान में पढ़े और (रजिस्टर करें) पर टैब करे। इसके लिए ब्लूटूथ व जीपीएस चालू होना आवश्यक है। आरोग्य सेतु कांटेक्ट ट्रेसिंग के लिए आपके मोबाइल नंबर, ब्लूटूथ और लोकेशन डेटा का उपयोग करता है। यूजर की सेहत और लक्षण से जुड़े कुछ सवाल किए जाते हैं। यह एप सुझाव देता है कि आपको क्या करना चाहिए। अगर आपको ग्रीन में दिखाया जाता है और बताया जाता है कि आप सुरक्षित हैं तो कोई खतरा नहीं है।
‘आयुष कवच’ एप बताएगा बीमारी से लड़ने के उपाय
ललितपुर। मुख्यमंत्री ने आयुष विभाग द्वारा तैयार किए गए ‘आयुष कवच एप’ का शुभारंभ किया है। यह एप लोगों को कोरोना वायरस के उपचार एवं इसके संक्रमण से बचाव एवं शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक है। यह एप कोरोना वायरस के खतरे से बचाने, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि के लिए सरल उपायों, योग आसनों और विभाग के विशेषज्ञों से पूछताछ के विकल्प और स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध उपायों व सुझावों के बारे में सूचना देता है। स्वस्थ जीवन शैली एवं योग के बारे में विस्तृत महत्वपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध कराता है। यह एप एनड्रॉयड मोबाइल पर उपलब्ध है, जिसे गूगल प्ले स्टोर के माध्यम से इंस्टाल किया जा सकता है। निर्देश दिए गए कि जनपद के समस्त अधिकारियों/ कर्मचारियों/ शिक्षकों/छात्रों तथा विभिन्न विभागों से जुड़ी हुई निजी संस्थाओं/व्यक्तियों एवं जन सामान्य को इस उपयोगी एप के संबंध में जानकारी देकर मोबाइल फोन पर डाउनलोड करने एवं इसका उपयोग करने हेतु प्रेरित करें।