शव को लेकर आ रही एंबुलेंस को रोका, हंगामा
ललितपुर। थाना जाखलौन के ग्राम बम्हौरीकलां में हुई हत्या के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक आवास पर पहुंचे व ग्वालियर से मृतक को लेकर आ रही एंबुलेंस रोककर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इससे हंगामा हो गया और पुलिस ने ग्रामीणों को हल्का बल प्रयोग कर स्थिति संभाली। विभिन्न थानों की पुलिस को भी बुलवा लिया गया। बाद में पुलिस की देखरेख में शव को ग्राम बम्हौरीकलां भेजा गया।
थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम बम्हौरीकलां में रविवार की रात में कुछ लोगों ने भूरे (45) पुत्र ठलू रजक को सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी ग्वालियर ले जाते समय मौत हो गई। ग्वालियर में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन शव लेकर ललितपुर वापस लौट रहे थे। इसकी जानकारी लगने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण सोमवार की शाम को हत्यारोपियों पर कार्रवाई व गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक आवास पहुंच गए। ग्वालियर से शव लेकर आ रहे परिजनों के आने की सूचना पर पुलिस सतर्क हो गई और सीओ सिटी राजा सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आलोक सक्सेना और कई थानों की पुलिस भी पुलिस अधीक्षक आवास पर पहुंच गई। अभी सीओ सिटी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर ही रहे थे कि इसी दौरान शव लेकर एंबुलेंस भी पुलिस अधीक्षक आवास के सामने पहुंच गई। यह देख ग्रामीणों व परिजनों ने एंबुलेंस को रोक लिया और एंबुलेंस के सामने आकर रोने-बिलखने लगे। बीच रोड पर एंबुलेंस के सामने महिलाएं आ गईं और शव को जाने से रोकने लगीं। मामला बिगड़ते देख पुलिस ने ग्रामीणों को तितर-बितर किया। शव लेकर आई एंबुलेंस को किसी प्रकार कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस की देखरेख में ग्राम बम्हौरीकलां रवाना किया। इसके बाद वहां से ग्रामीणों को ट्रैक्टर से वापस गांव भेजा गया। करीब बीस मिनट तक हंगामे की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि गांव में उक्त हत्यारोपी का आतंक है और आए दिन शराब के नशे में ग्रामीणों से मारपीट करता है। पूरे गांव में उसकी वजह से भय का माहौल है। उक्त हत्यारोपी ने भूरे से शराब के लिए दो हजार रुपये की मांग की थी, रुपये देने से मना करने पर उसने भूरे को गोली मारकर हत्या कर दी है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाए कि गांव में शराब का बड़े स्तर पर कारोबार होता है, जिसकी वजह से यहां आए दिन झगड़े होते हैं।