तालबेहट (ललितपुर)। विकास खंड तालबेहट के ग्राम उगरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय बिहारीपुरा में गांव के ही बुजुर्ग जसरथ अहिरवार (70) ने स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रध्वज को सलाम करने के बाद कुर्सी पर बैठ गए। इसी बीच वह कुर्सी से नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई। गांव के बुजुर्ग की मौत होने से स्कूल के सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।
ग्राम उगरपुर निवासी जसरथ अहिरवार (70) हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर प्राथमिक विद्यालय बिहारीपुरा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाते थे। 15 अगस्त की सुबह भी वह विद्यालय पहुंच गए। यहां पर जसरथ व ग्राम प्रधान रामकिशन यादव ने संयुक्त रूप से निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया। जसरथ ने आसमान में लहरा रहे तिरंगा को सलाम किया। इसके बाद वह कुर्सी पर बैठ गए और स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने लगे।
इसी बीच वह कुर्सी से नीचे गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने जसरथ को उठाया और शरीर का परीक्षण किया तो पाया कि उनकी मौत हो गई थी। सीओ तालबेहट रक्षपाल सिंह ने बताया कि हार्ट अटैक से बुजुर्ग की मौत होने की बात कहते हुए परिजन ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।