ललितपुर। पांच दिन की हड़ताल के बाद बुधवार को गल्ला मंडी खुलने से किसानों के साथ व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। हड़ताल के बाद पहले दिन मंडी में दो हजार कुंतल से अधिक जिंस की आवक रही।
गल्ला मंडी में आढ़तियों की दुकानों ने दो महीने में आधा दर्जन चोरियां होने से आक्रोशित व्यापारियों ने पहले धरना प्रदर्शन किया, फिर हड़ताल शुरू कर दी। इससे पांच दिन तक कारोबार ठप रहा।
चोरियों के खुलासे के बाद बुधवार को गल्ला मंडी फिर से विधिवत तरीके से शुरू हो गई।
बुधवार की सुबह गल्ला मंडी खुलने से पांच दिनों से इंतजार कर रहे किसानों का मंडी पहुंचना शुरू हो गया और दोपहर तक अच्छी- खासी आवक देखने को मिली।
इससे जहां किसानों में खुशी देखी गई, वहीं व्यापारी भी संतुष्टि नजर आए। हड़ताल के बाद पहले दिन गल्ला मंडी में लगभग दो हजार कुंतल जिंस की आवक हुई। इससे गल्ला मंडी में लगभग दो से ढाई करोड़ रुपये के कारोबार होने की संभावना जताई गई है।