फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

15 दिन हो गए, नलों से नहीं टपका पानी

विज्ञापन
मोहल्ला कुमरयाना में पानी के लिए बारी का इंतजार करते ग्रामीण - फोटो : LALITPUR
विज्ञापन
ललितपुर। विकासखंड बार के अंतर्गत ग्राम कारीटोरन में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से 15 दिनों से पानी का संकट बना हुआ है। यहां पर नलों में पानी नहीं आ रहा तथा हैंडपंप पानी छोड़ रहे हैं। इससे ग्रामीणों को आसपास के हैंडपंप से पानी भरना पड़ रहा है। गर्मी में पानी की किल्लत के कारण ग्रामीणों को परेशान होना पड़ रहा है।
विज्ञापन

जल संस्थान द्वारा गोविंद सागर बांध से ग्राम इमलिया, करीटोरन व बरखिरिया के लिए पेयजल आपूर्ति की जाती है। लेकिन, ग्राम कारीटोरन में 15 दिनों से नलों से पानी नहीं टपका है। वजह, पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है व इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गर्मी के कारण जमीन का जलस्तर और नीचे चला गया है। गांव के अधिकांश हैंडपंपों में पाइप कम होने से पानी आना बंद हो गया है। ऐसे में ग्रामीणों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। गांव के पास में लगे कुछ हैंडपंप से पानी आ रहा है, लेकिन वहां पर लोगों को अपनी बारी आने के लिए आधा घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। गांव में पास के कुओं में कचरा पड़ा है। इसकी सफाई नहीं होने से लोगों को दूर से पानी जुटाना पड़ रहा है।
दो-दो किलोमीटर दूर से लाना पड़ रहा पानी
गांव में हालात यह है कि यहां पर लोगों को गांव से लगभग दो-दो किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। अधिक दूरी होने के कारण लोग दो पहिया वाहनों व साइकिलों से पानी लाने को मजबूर हैं।
विज्ञापन

लोगों को पानी जुटाने में पूरा दिन निकल जाता है। इससे अन्य कार्य नहीं कर पा रहे हैं। महिलाओं को पानी भरकर लाने में कई जगह पर रुकना पड़ रहा है। तब जाकर वह गांव में पानी ला पा रहीं हैं। पैदल पानी लाने में लोगों को आधा घंटे का समय खराब हो जाता है।
विज्ञापन

गांव में पाइप लाइन से पानी नहीं आया है। इससे पानी का संकट गहरा गया है। पाइप लाइन को दुरुस्त किया जाए।
- रम्फे
नल का कनेक्शन लेते समय लगा कि अब पेयजल की समस्या नहीं होगी, लेकिन नलों के नियमित समय पर पानी नहीं आने से समस्या गहरा गई है।
- गौरा
गांव में पानी की सुविधा के लिए हैंडपंप लगे हैं, लेकिन इनमें पाइपों की कमी के चलते पानी छोड़ रहे हैं। हैंडपंप में पाइप की संख्या बढ़ाई जाए।
- रामसहाय रैकवार
गांव में पेयजल की समस्या गर्मियों के मौसम में गहरा जाती है। यहां पर पाइप लाइन को दुरुस्त कराया जाए, जिससे सुचारु रुप से पानी मिलता रहे।
- सागर कटारे
ग्राम कारीटोरन में पेयजल आपूर्ति बाधित होने का मामला संज्ञान में आया है। जिसकी जांच कराकर दुरुस्त कराया जाएगा।
- संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान

बाल्टी में पानी भरकर ले जाते बच्चे- फोटो : LALITPUR

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें