मड़ावरा(ललितपुर)। उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष महेंद्र जैन मयूर के नेतृत्व में शुक्रवार को मड़ावरा के व्यापारियों द्वारा एलडीएम एके सेठ से मुलाकात कर मड़ावरा कस्बे में आधार पंजीयन केंद्र संचालित कराए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि मड़ावरा तहसील क्षेत्र में लगभग एक सैकड़ा गांव जुड़े हैं। इन तमाम गांव के ग्रामीणों एवं व्यापारियों को अपने नवीन आधार पंजीयन एवं संशोधन कार्य हेतु ललितपुर/ टीकमगढ़ जाना पड़ता है। बच्चों के नवीन आवेदन हेतु ज्यादा ही दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे में भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नैशनल बैंक, प्रथमा ग्रामीण बैंक एवं जिला सहकारी बैंक की शाखाएं संचालित हैं, जहां आधार पंजीयन केंद्र का संचालन किया जा सकता है। कस्बे में जिला सहकारी बैंक में आधार पंजीयन के लिएं पर्याप्त स्थान एवं संसाधन उपलब्ध हैं। व्यापारियों ने जनहित में शीघ्र ही कस्बे में आधार पंजीयन केंद्र संचालित कराए जाने की मांग रखी, जिसे जल्द ही सुचारू कराए जाने का आश्वासन एलडीएम द्वारा दिया गया। इस दौरान वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सतभैया, गल्लामंडी अध्यक्ष अशोक जैन अनोरा, नवीन सिंघई, महेश जैन मोनू, दीपक सोनी, मड़ावरा व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय खन्ना, नीलेश जैन, अभय प्रताप, गौरव जैन, इमरान खान, सुमत मोदी, बंटी बजाज, सुलभ जैन, रामकुमार पटैल, संतोष कुमार, सुरेंद्र कुमार जैन आदि के हस्ताक्षर हैं।