ललितपुर। अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ सोमवार को वार्षिक मुआयना करने के लिए पहुंचीं। उन्होंने पुलिस कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और पुलिसिंग से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कमियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीजी के वार्षिक मुआयने को लेकर जनपद पुलिस पिछले कुछ दिनों से तैयारियां कर रहा था। सोमवार की दोपहर को एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ और आईजी झांसी परिक्षेत्र झांसी आकाश कुलहरि जनपद पहुंचे। यहां पुलिस कार्यालय पहुंचने पर पुलिस बैंड के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं प्रधान लिपिक कार्यालय, डीसीआरवी, आईजीआरएस शाखा, आंकिक शाखा सहित अन्य शाखाओं में पहुंचकर अभिलेखों और लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। इसके बाद एडीजी पुलिस लाइन सभागार पहुंची और पत्रकार वार्ता की। इस दौरान पत्रकारों ने जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिस की कार्रवाई और आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सवाल किए। एडीजी ने सवालों का जवाब दिया और पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई व प्राथमिकताओं के बारे में बताया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह मौजूद रहे।