- डीएम ने एआरटीओ को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अब सड़क पर अनफिट व नियमों की अनदेखी कर दौड़ रहे स्कूल वाहनों पर कार्रवाई होगी। इस संबंध में जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को पत्र लिखकर स्कूली वाहनों की जांच के लिए अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने पत्र में बताया कि वाहनों को मानक अनुरूप संचालित कराएं।
शहर में स्कूल वाहन दस्तावेजों में भले ही दुरुस्त चल रहे हों, लेकिन सड़कों पर हालत कुछ और ही बयां कर रही हैं। नगर में स्कूली वाहनों पर हेल्पलाइन नंबर दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे हैं। न ही सुरक्षा के लिए जालियां लगी हुई हैं। कई वाहन तो निजी परमिट पर ही बच्चों को ढाे रहे हैं। वहीं कई वाहनों में बच्चों को क्षमता से अधिक ढ़ोया जा रहा है। ऐसे में यह वाहन चालक बच्चों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं।
समस्या को लेकर अमर उजाला ने 11 जुलाई को पेज नंबर दो पर '' हेल्पलाइन नंबर न सुरक्षा जाली '' नामक शीषर्क के साथ समाचार प्रकाशित किया था। प्रकाशित समाचार को संज्ञान में लेकर जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिहवन अधिकारी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने स्कूली वाहनों की अभियान चलाकर जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा किसी भी स्कूली वाहन में बच्चों को क्षमता से अधिक न बिठाया जाए। वाहनों को मानक अनुरूप कराएं। बिना मानकों के दौड़ रहे अनफिट वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले स्कूल वाहनों का चालन किया जाए।