ललितपुर। गैंग बनाकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने पर कोतवाली पुलिस ने गैंग लीडर मोहसिन कुरैशी और उसके गैंग के आठ सदस्यों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि मोहसिन कुरैशी निवासी अजीतापुरा कसाईमंडी अपना गैंग बनाकर आपराधिक वारदातें करता है और स्वयं और अपने गैंग सदस्यों को आर्थिक लाभ पहुंचाता है। उसकी गैंग में सदस्य के रूप में गोलू उर्फ फिरोज, आमिर, सलीम निवासी अजीतापुरा, जावेद खान, मनमोहन उर्फ डब्बू अहिरवार, सूरज उर्फ फुल्ला, गिरीश, पुष्पेंद्र शामिल हैं। गैंग लीडर अपने सदस्यों के साथ मिलकर आर्थिक और भौतिक लाभ अर्जित करने के लिए अवैध रुपयों की मांग करने, न देने पर मारपीट, धमकी देकर डराना-धमकाना शामिल है। इन सभी के खिलाफ कोतवाली में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसको लेकर इन सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है।
कोतवाली पुलिस ने शनिवार को गैंग के चार सदस्यों गोलू उर्फ फिराेज, आमिर निवासी मोहल्ला अजीतापुरा, जावेद खान निवासी घुसयाना, सूरज उर्फ फुल्ला निवासी झांसीपुरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के मामले के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई है।