संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से मंगलवार को यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े गए छह चालकों के चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के निर्देश पर प्रभारी यातायात आलोक तिवारी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें छह चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए।
इसके अलावा हेलमेट न पहनने, तीन सवारी बैठाने, सीट बेल्ट का उपयोग न करने, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 129 वाहनों का भी चालान किया गया।
यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया
अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। उन्हें दोपहिया वाहन पर हेलमेट लगाने, तीन सवारी न बैठाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने तथा कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया गया।