ललितपुर। बुधवार को जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने कोविड नियमों का पालन करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों को नियमित खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से कार्य नहीं करने वाली आंगनबाड़ी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कलक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करते हुए नियमित रूप से खोला जाए। निदेशालय द्वारा जारी गतिविधि कैलेंडर के अनुसार गतिविधियां आयोजित की जाएं। नियमित रूप से कार्य नहीं करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पोषण पुनर्वास केंद्रों से डिस्चार्ज बच्चों का नियमित अनुश्रवण संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/ एएनएम/ आशा द्वारा किया जाए। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पंजीकृत लाभार्थियों को केंद्र से राशन ले जाने के लिए बैग/ थैला उपलब्ध कराएं।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. डीके गर्ग, उपजिलाधिकारी पाली, जिला विकास अधिकारी/ पीडी डीआरडीए, डीसी मनरेगा/एनआरएलएम, जिला कार्यक्रम अधिकारी पुष्पा वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग, सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।