संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर/बार। सफारी कार से बकरी चोरी करने के मामले में थाना बार पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चुराई गई बकरियां, तमंचा-कारतूस सहित सफारी कार बरामद की। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया।
थानाध्यक्ष बार अजमेर सिंह भदौरिया ने बताया कि थाना बार अंतर्गत ग्राम बसतगुवां निवासी परशुराम ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि 5 मार्च की रात उसके घर के बाहर बंधी दो बकरियां चोरी हो गईं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए सीओ तालबेहट के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।
गठित की गई टीमों ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इस मामले में जमील खान व जगदीश राय निवासी ग्राम मैलवारा का नाम प्रकाश में आया। शनिवार को पुलिस टीमों ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की गई दोनों बकरी, तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त की गई सफारी कार बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोग चोरी करते हैं। शनिवार को वह लोग बकरियों को बेचने के लिए जा रहे थे लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।