फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुनीम लूटकांड : साथी कर्मी ही निकला मास्टरमाइंड

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

ललितपुर। हाईवे पर थोक किराना कारोबारी के मुनीम से हुई पांच लाख की लूट करने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने इस घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों को भी जेल भेज दिया।
दोनों आरोपी मुनीम के साथ ही व्यापारी की दुकान पर काम करते थे। एक आरोपी तो लूटपाट की घटना के दौरान मुनीम के साथ ही बाइक पर मौजूद था।
कस्बा तालबेहट में आरव ट्रेडर्स पर काम करने वाले मुनीम नंदलाल के साथ ग्राम हर्षपुर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने करीब पांच लाख रुपये लूट लिए थे। वह दुकानदारों से उधारी के रुपये लेकर लौट रहा था। पुलिस टीमों ने मंगलवार को थाना जखौरा अंतर्गत कारीपहाड़ी के पास मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों अवधेश व जितेंद्र निवासी कड़ेसराकलां कतक्यारी मोहल्ला को गिरफ्तार कर लिया था। उनके पास से 4,82,220 रुपये, दो तमंचा और लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई थी। लूटपाट करने में दो और बदमाश अनिल कुशवाहा, शिवदयाल कुशवाहा निवासी कडेसराकलां मजरा कतक्यारी भी शामिल थे। पुलिस टीमों ने मंगलवार देर रात मुखबिर की सूचना पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। शिवदयाल ने बताया कि वह अंजेश जैन की दुकान पर चार माह से काम कर रहा था। उसी दुकान पर अनिल कुशवाहा भी काम करता था। उन्हें कारोबारी के सारे व्यापार की जानकारी थी। पहले अंजैश जैन के पार्टनर सुरेन्द्र जैन व अंजेश जैन के मुनीम नन्दलाल के साथ कार से व्यापार का पैसा लेने जाते थे। इसके बाद सुरेन्द्र जैन को चोट लग जाने के कारण वह कार नहीं चला पा रहे थे जिसके कारण पिछले एक माह से वह और मुनीम नंदलाल व्यापार का पैसा लेने बाइक से जाते थे। उसे पूरे रास्ते व व्यापार के रुपयों के बारे में जानकारी हो गई थी। उसने अपने साथी अनिल के साथ लूट का प्लान बनाया और इसमें अवधेश व जितेंद्र को शामिल किया।
विज्ञापन

उन्होंने मुनीम की रेकी कराई। मुनीम हर सोमवार को पैसा लेकर कहां कहां से आता है, इसकी जानकारी जुटाई। घटना के दिन वह मुनीम के साथ बाइक से पैसा लेने गया था और स्वयं बाइक चला रहा था।
मुनीम नंदलाल पीछे बैठा था। जैसे ही मुनीम और वह सुनसान जगह हर्षपुर के पास पहुंचे, उसके साथी अवधेश व जितेंद्र ने बाइक में टक्कर मारी। उसने बाइक रोक दी। अवधेश व जितेंद्र ने मुनीम के हाथ में लोहे की राॅड से हमला कर घायल किया और रुपयों से भरा बैग लूटकर भाग गए।
विज्ञापन

उसका दूसरा साथी अनिल घटना के दौरान व्यापारी की दुकान पर ही था, जिससे कि उन पर कोई शक न हो सके।
इसके बाद उन्होंने आपस में रुपये बांट लिए थे। वह भागने की फिराक में थे कि पुलिस ने रेलवे स्टेशन तालबेहट के पास से उन्हें पकड़ लिया। 24 घंटे के अंदर लूट का खुलासा करने और लूट की रकम बरामद करने पर एसपी ने पुलिस टीमों को 25 हजार रुपये का इनाम दिया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें