दुर्घटना स्थल पर मौजूद सीओ व शहर कोतवाल
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विघामहावत स्थित टोलप्लाजा के पास हाइवे पर कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी राजमिस्त्री गंभीर रुप से घायल हो गया। मजदूर की मौत से आक्रोशित ग्रामीण महिलाओं ने हाइवे जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर जाकर आक्रोशित ग्रामीणों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, इसके बाद जाम खोला जा सका।
ग्राम विघामहावत के मजरा गंगासागर निवासी मजदूर बालकिशन (30 वर्ष) पुत्र दिलीप लोधी एवं राजमिस्त्री संतराम लोधी (28 वर्ष) शुक्रवार को सुबह करीब नौ बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर मजदूरी के लिए ललितपुर जा रहे थे। अभी वह टोलप्लाजा के पास हाइवे पर ही पहुंचे थे कि झांसी की ओर से आ रही एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। बालकिशन की हालत काफी नाजुक थी। घटना की जानकारी मिलने पर पास में ही स्थित गांव से परिजन व ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए और दोनों घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए ले गए, जहां बालकिशन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बालकिशन की मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिजन व ग्रामीण महिलाएं हाइवे पर पहुंच गईं और सड़क पर पत्थर व झाड़ियां रखकर जाम लगा दिया। वहीं, परिजन महिलाएं व बच्चे मजदूर की मौत पर रोते बिलखते रहे। जानकारी होने पर सीओ सिटी केशवनाथ, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला, महिला पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को किसी प्रकार समझाया और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाओं ने जाम खोल दिया। यहां करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं।
कार ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी थी, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए जाम लगाया था। उचित कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण मान गए । कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
संजय कुमार शुक्ला, थाना प्रभारी निरीक्षक।