उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के दूसरे दिन बुधवार को चौबीस सौ परीक्षार्थी शामिल नहीं हुए। मंडल के ललितपुर में एक और जालौन में दो परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा गया। झांसी में एक भी नकलची हाथ नहीं आया। दोनों पालियों में सचल दल जांच में जुटे रहे। परीक्षा केंद्रों के वीडियो फुटेज भी जांचे गए।
सुबह हाईस्कूल में हिंदी की परीक्षा में पंजीकृत 27,081 से से 2,399, इंटर संगीत की परीक्षा में पंजीकृत 103 में सात और दोपहर की पाली में हुई इंटर की सामान्य आधारित विषय व्यवसायिक शिक्षा प्रथम में पंजीकृत 928 परीक्षार्थियों में से 35 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इधर जिला विद्यालय निरीक्षक डा. नीरज कुमार पांडेय, राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य पी के मौर्या के नेतृत्व में सचल दल भ्रमणशील रहे।
नकल न होने पर छोड़ रहे परीक्षा
बोर्ड परीक्षा में पहले दिन दो हजार विद्यार्थी शामिल नहीं हुए थे। जबकि, दूसरे दिन चौबीस सौ अनुपस्थित रहे। इतनी भारी संख्या में छात्रों का परीक्षा से दूर होने की वजह नकल पर अंकुश बताया जा रहा है। एसपीआई इंटर कालेज के प्रधानाचार्य उमाशंकर स्वर्णकार ने बताया कि परीक्षा में अनुपस्थित होने की कई वजह हो सकती हैं। स्वास्थ्य कारणों से भी लोग परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच पाते। लेकिन, प्रमुख कारण नकल पर सख्ती है। तैयारी न होने और नकल की गुंजाइश न होने की वजह से कई विद्यार्थियों ने परीक्षा से दूरी बना ली है। क्रिश्चियन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य मुकुल सिंह ने कहा कि आगे स्थिति और भी स्पष्ट हो जाएगी। नकल पर पूरी तरह से अंकुश है।