कसबे के स्टेशन रोड से अपह्त डेढ़ वर्षीय प्रकाश उर्फ अनिकेत का 40 घंटे बाद भी पुलिस कोई पता नहीं लगा पाई है। मासूम के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक डी. प्रदीप कुमार ने मासूम के परिजनों से मुलाकात कर उनको ढांढस बधाया। वहीं, सुबह मुहल्ले के लोग भी इस मामले के शीघ्र खुलासे के लिए कोतवाली पहुंचे।
स्टेशन रोड क्षेत्र निवासी अनिल कुमार श्रीवास्तव के डेढ़ वर्षीय पुत्र प्रकाश का अज्ञात दो बाइक सवार बदमाश गुरुवार को दिन में अपहरण कर ले गए थे। इस घटना से पूरे कसबे में दहशत फैल गई। शुक्रवार को मुहल्ले के लोगों ने कोतवाली जाकर हंगामा किया। जिस पर पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शीघ्र खुलासे की बात कहते हुए शांत कराया।
वहीं, दोपहर में पुलिस अधीक्षक डी. प्रदीप कुमार ने स्वयं पीड़ित परिजनों के यहां आकर मामले की पूरी जानकारी ली। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी कुंवर बहादुर सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राठौर को इस मामले के खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस बच्चा चुराने वाले गिरोह के अलावा सभी संभावित बिंदुओं पर तेजी से काम कर रही है।