- म्यांरी से साड़ी के फंदे पर लटका मिला शव, परिजनों ने अज्ञात कारण के चलते बताया आत्महत्या करना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मकर संक्रांति त्योहार पर पंद्रह दिन पहले ससुराल ग्राम रमेशरा से अपने मायके थाना पाली के ग्राम सुरऊआ आई रानी (22) पत्नी नीलेश ने बृहस्पतिवार की शाम को अपने घर में म्यांरी पर साड़ी के फंदे से लटककर जान दे दी। परिजनों ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करना बताया।
मृतका के दादा प्रीतम पाल ने बताया कि करीब तीन साल पहले उन्होंने रानी की शादी ग्राम रमेशरा निवासी नीलेश से की थी। करीब पंद्रह दिन पहले रानी अपनी ससुराल से मकर संक्रांति त्योहार पर मायके ग्राम सुरऊआ आई थी। बृहस्पतिवार की परिजन खेत पर चले गए थे। घर पर रानी अकेली थी। शाम के समय रानी का चचेरा भाई घर के अंदर गया तो यहां रानी म्यांरी से साड़ी के फंदे पर लटकती हुई मिली। घटना की सूचना थाना पाली पुलिस को मिलने पर वह मौके पर पहुंच गई थी और उन्होंने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतका के दादा प्रीतम ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करना बताया है। वहीं, जानकारी मिलने पर मृतका के ससुरालीजन भी मौके पर पहुंच गए थे। सीओ पाली सुनील भारद्वाज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।