नाना के घर शहर के मोहल्ला छत्रसालपुरा में अपनी मां और बहन के साथ आई झांसी के नंदनपुरा निवासी 20 वर्षीय आयशा की बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों ने मौत का कारण अज्ञात बताया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कही।
विज्ञापन
मृतका के मामा जाहिद ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले आयशा अपनी मां शबाना और बहन के साथ अपने नाना इद्दू निवासी मोहल्ला छत्रसालपुरा आई थी। बृहस्पतिवार को आयशा घर पर थी। अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत हो गई। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामा ने मौत का कारण अज्ञात बताया। मृतका दो बहनों में बड़ी थी और कक्षा 12वीं पास की थी।
पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने के चलते विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।