ललितपुर। यात्री बनकर बैठा युवक टैक्सी को स्टार्ट कर उसे लेकर भाग निकला। टैक्सी चालक ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया। लोगों ने युवक की पिटाई कर दी और उसे पुलिस को सुपुर्द कर दिया। कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है।
शहर के मोहल्ला नेहरू नगर निवासी प्रशांत कुमार शनिवार की सुबह अपनी टैक्सी लेकर रेलवे स्टेशन के बाहर सवारियों का इंतजार कर रहा था। तभी एक युवक आया और बाजार जाने के लिए कहते हुए उसमें बैठ गया। इस बीच प्रशांत चाय पीने को चला गया। तभी उक्त युवक ने टैक्सी को स्टार्ट किया और उसे लेकर भाग निकला। यह देखकर प्रशांत ने उसका पीछा शुरू कर दिया। करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद जिला कारागार के पास कर्पूरी ठाकुर चौराहे पर पकड़ लिया। इस दौरान भीड़ ने पकड़े गए युवक की पिटाई कर दी। लोगों ने युवक को पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच करने में जुट गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।