परिजन झाड़फूंक कराते रहे, चली गई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सोमवार की शाम खेत में गेहूं की फसल काटते समय वीरदयाल (39), निवासी ग्राम बांसी खिरकन, को पैर में सांप ने डस लिया। इसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई और परिजन लगभग तीन-चार घंटे उसे झाड़फूंक कराते रहे। इसी बीच उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई सुरेश ने बताया कि वीरदयाल सुबह अपने खेत में गेहूं काट रहा था, साथ में उसका पुत्र निशांत भी था। शाम को अचानक वीरदयाल के पैर में सांप ने डस लिया, जिससे वह अचेत हो गया। बेटे निशांत ने घर जाकर परिजनों और गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। घटना स्थल पर पहुंचकर परिजनों ने पहले गांव में ही झाड़फूंक कराई। जब हालत में सुधार नहीं हुआ, तो उसे राजघाट क्षेत्र के एक गांव ले जाया गया। वहां भी झाड़फूंक कराने के बाद लौटते समय वीरदयाल की मौत हो गई।
मृतक चार भाई-तीन बहनों में सबसे छोटे थे और उनके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। वे 50 डिसमिल जमीन पर खेती करते थे। सीओ सदर सुनील भारद्वाज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।