ललितपुर। संदिग्ध परिस्थिति में बृहस्पतिवार शाम को कोतवाली अंतर्गत एक गांव की महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। ससुरालीजन ने कुछ दिन पूर्व एक लड़के के साथ जाने और लौटकर आने पर शर्म के चलते आत्महत्या करना बताया है। वहीं, मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी न करने पर हत्या का आराेप लगाया है।
मृतका के चचेरे जेठ के मुताबिक बृहस्पतिवार को उसके चचेरे भाई की 24 वर्षीय पत्नी को गांव का एक युवक एक जून को फुसलाकर ले गया था। चार जून की रात को वह घर लौटकर आई थी। इसके बाद गांव में पंचायत हुई थी। उसके भाई की पत्नी ने युवक के साथ एमपी के एक शहर में जाने और वहां एक होटल में रुकने की बात बताई थी। इसके बाद उक्त युवक के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को जेल भेज दिया था।
वहीं, मृतक युवती को ससुरालीजन ने समझाया बुझाया था और आगे से ऐसा न करने को कहा था। लेकिन, भाई की पत्नी शर्मसार रहने लगी थी और ज्यादा बातचीत नहीं करती थी। दो दिन पूर्व उसने अपने मायके जाने को कहा। भाई ने बृहस्पतिवार को उसे मायके छोड़ आने की बात कही थी। लेकिन, बृहस्पतिवार को उसका भाई अपने माता-पिता के साथ खेत में उड़द की बोआई करने गया था। इस कारण वह उसे मायके छोड़ने नहीं जा पाया।
इसी बीच घर पर अपनी ननद के साथ मौजूद भाई की पत्नी ने फंदे से लटक कर जान दे दी। मृतका के एक पुत्र व एक पुत्री है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चलेगा।
-
मायके वालों ने किया बवाल
युवती की मौत की सूचना पर उसके मायके वाले पहुंच गए और जमकर बवाल किया। वे ससुरालीजन पर हमलावर तक हो गए। इस बीच कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित मायके वालों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद हालात सामान्य हुए।
-
ससुरालीजन पर हत्या का आरोप
मृतका के भाई ने बताया कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2019 में हुई थी। ससुराल वाले उसकी बहन पर दहेज के रूप में रुपये लाने का दबाव बनाने लगे थे। मांग पूरी न करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देते थे। कई बार पंचायत भी हुई थी, लेकिन ससुरालीजन उत्पीड़न करते रहे। आरोप लगाया कि रुपये न देने के कारण ससुराल वालों ने उसकी बहन की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया।
-
भाई बोला- शर्म के कारण जान देने की बात झूठी
मृतका के भाई ने कहा कि ससुरालीजन ने ही उसकी बहन को युवक से रुपये लेकर भगाया था। इसके बाद उसकी बहन से उल्टे आरोप भी लगवाए थे। उसकी बहन अपनी मर्जी से नहीं गई थी, उसे जबरन युवक के साथ भगाया गया था।