संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर/बिरधा। ग्राम बिरधा में 35 वर्षीय प्रियंका निवासी हनौता खुरई मध्य प्रदेश का मायके है। उसका शव यहां शनिवार की सुबह कमरे में म्यांरी से रस्सी के फंदे से लटकता हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतका के पिता ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करना बताया है।
मृतका के पिता रतन ने बताया कि उसकी पुत्री प्रियंका की शादी मध्य प्रदेश के खुरई अंतर्गत ग्राम हनौता निवासी कोमल से हुई थी और उसके दो बच्चे है। कुछ दिन पहले उसकी पुत्री खुरई से धार्मिक यात्रा पर गई थी। यहां से लौटकर आई और ललितपुर में रिश्तेदार के यहां रुक गई थी। शुक्रवार को ग्राम बिरधा पहुंची। यहां वह हाईवे पर स्थित प्लाट वाले घर पर रुक गई थी। शुक्रवार की रात को वह घर में अपनी दादी नन्नी बाई और मां डियाबाई के साथ सो गई। शनिवार की सुबह वह सोकर उठी और मां से यहीं पर खाना खाने की बात कही। इस दौरान प्रियंका कमरे में गई और दरवाजे बंद कर दिए। यह देख नन्नीबाई को कुछ आशंका हुई तो वह कमरे के बाहर पहुंच गई और आवाज दी। लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इस पर नन्नीबाई ने पत्थर की मदद से दरवाजे को तोड़ दिया और कमरे के अंदर गई। यहां प्रियंका म्यांरी से रस्सी के फंदे पर मृतावस्था में लटक रही थी।
नन्नीबाई ने गांव में पहुंचकर अन्य परिजनों को इसकी जानकारी दी तो वह मौके पर पहुंचे। मृतका के पिता ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करना बताया है। वहीं गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।