पाली-ललितपुर। कस्बा पाली में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक महिला न्याय न मिलने पर क्षुब्ध होकर पानी की टंकी पर चढ़ गई। किसी तरह पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे आश्वासन देकर उतारा। जिलाधिकारी ने मौके पर जाकर तत्काल समस्या निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस चल रहा था। वहां ग्राम बरौदिया राइन निवासनी रामदेवी आई थी। उसने अपनी भूमि पर कब्जा करने की शिकायत करते हुए बताया कि वह कई बार तहसील व थाने जा चुकी है। लेकिन, उसकी जमीन से कब्जा नहीं हटवाया गया। अधिकारियों ने जांच कर कब्जा हटवाने की बात कही तो वह नाराज होकर तहसील परिसर की ही पानी की टंकी पर चढ़ गई। इसके बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। उसे क्षेत्राधिकारी सुनील भारद्वाज और राजस्व विभाग की टीम ने किसी तरह नीचे उतारा।