साले ने कहा - अलाव के समीप भोजन करते समय चक्कर आने से गिरकर हुआ था अचेत
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। खेत पर गेहूं की फसल की सिंचाई करने गए महरौनी क्षेत्र लक्ष्मणपुरा निवासी 46 वर्षीय जानकी कुशवाहा अलाव के पास बैठकर भोजन करते समय चक्कर आने से गिर गया। मौके पर उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मौत का कारण अज्ञात बताया है।
मृतक के साले बृजनंदन के मुताबिक, शुक्रवार की रात जानकी कुशवाहा पुत्र हरदास अपने खेत पर गेहूं की फसल में पानी दे रहा था। उसके साथ रिश्तेदार भी थे, जो खेत की मेड़ पर आग जलाकर ताप रहे थे। इस बीच जानकी आया और आग के पास ही बैठकर भोजन करने लगा। इसी बीच उसे चक्कर आया और वह अचेत होकर गिर गया। आनन फानन रिश्तेदार उसे लेकर मेडिकल कॉलेज आए।
यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। साले ने मौत का कारण अज्ञात बताया है। मृतक दो भाई-तीन बहनों में छोटा था और उसके दो पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। वह ढाई एकड़ जमीन पर खेती करता था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।