संवाद न्यूज एजेंसी
जाखलौन/ललितपुर। ब्लॉक बिरधा की ग्राम पंचायत कपासी में जलस्तर गिरने से हैंडपंप सूख गए हैं। करीब तीन हजार की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। ग्रामीणों ने मंगलवार को परिवार के साथ बर्तन लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
ग्राम कपासी में तीन हजार की आबादी के लिए हैंडपंप ही एक मात्र सहारा हैं। यहां 12 हैंडपंप लगे हैं जो मई में जल स्तर गिरने से सूख गए थे। इसके बाद इनकी मरम्मत कराकर एक पाइप अतिरिक्त डाल दिया गया था। कुछ दिन चलने के बाद मई के दूसरे सप्ताह में फिर पानी देना छोड़ दिया। तब से अब तक लगभग एक माह का समय होने के बाद भी जिम्मेदारों ने सुध नहीं ली। इससे गांव में पेयजल का भीषण संकट बना हुआ है। लोगों को करीब आधा किमी दूर लगे हैंडपंप व कुआं से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
वर्तमान में पड़ रही गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल हो रहा है। पानी जुटाने में काफी दिक्कत हो रही है। मंगलवार को ग्रामीणों ने बर्तन लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया। उन्होंने पानी दो- पानी दो, के नारे लगाए। मांग की, बीते दिनों किए गए बोर में मोटर डालकर पानी दिया जाए। मुख्य विकास अधिकारी केके पांडेय ने डीपीआरओ नवीन मिश्रा को समस्या का हल करने के निर्देश दिए। गांव में टेक्निकल इंजीनियर यशपाल यादव ने समस्या जानी। उन्होंने ग्रामीणों को एक दिन में बोर में मोटर डालकर पेयजल सुविधा शुरू कराने का आश्वासन दिया।