संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में पेयजल संकट से जूझ रहे दो वार्डों की लगभग 12 हजार की आबादी को जल्द ही पानी की सुविधा मिलेगी। नगर पालिका प्रशासन पेयजल आपूर्ति के लिए एक करोड़ रुपये की राशि खर्च कर रही है। इसमें एक कुआं व दो बावड़ी से पाइपलाइन को जोड़कर सप्लाई की जाएगी। इससे खिरकापुरा व रावर क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी मिल सकेगा। साथ ही लोगों को हैंडपंप व अन्य स्थानों से पानी नहीं जुटाना होगा।
नगर पालिका परिषद के वार्ड दो के मोहल्ला खिरकापुरा व वार्ड रावरपुरा में पानी की किल्लत बनी हुई है। इसमें वार्ड दो में एक दशक से पानी की आपूर्ति ठप है, जिससे करीब दस हजार की आबादी को पेयजल की किल्लत है। वहीं रावरपुरा व मउठाना क्षेत्र में कहीं आंशिक रूप से आपूर्ति हो रही है तो कुछ क्षेत्रों में पूरी तरह से ठप है। इस तरह से लगभग 12 हजार की आबादी पानी की समस्या से जूझ रही है।
नगर पालिका प्रशासन ने दोनों वार्डों के तीन क्षेत्रों की लगभग 12 हजार की आबादी को पानी मुहैया कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। करीब एक करोड़ की राशि से यह कार्य कराए जाएंगे। इसमें दो बावड़ी व एक कुआं से पानी निकालने के लिए तीन मोटरें लगाई जाएगी। साथ ही पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इस लाइन को जल संस्थान के पाइपलाइन में जोड़ा जाएगा। इसके बाद पानी की सप्लाई की जाएगी। इससे वार्ड दो के मोहल्ला खिरकापुरा व वार्ड 26 के मोहल्ला मउठाना व रावरपुरा में पानी उपलब्ध कराया जाएगा।