ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला नेहरु नगर में बृहस्पतिवार की सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहल्ला नेहरु नगर निवासी सुनील अहिरवार (23) पुत्र कुंवरजू बृहस्पतिवार की सुबह करीब पांच बजे उठा और अपनी पत्नी की साड़ी लेकर छत पर गया। उसने साड़ी का एक छोर पिलर के पास रखी बल्ली से बांधा और दूसरा छोर अपने गले में कसकर बांध लिया और छत के दूसरी ओर छलांग लगा दी, जिससे उसकी फांसी लगने से मौत हो गई।
मृतक के पिता कुंवरजू ने बताया कि दो महीने से उसका पुत्र सुनील की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसका उपचार एक निजी चिकित्सालय में कराया। चिकित्सक ने उसका इलाज मध्य प्रदेश के ग्वालियर या आगरा में कराने की सलाह दी थी। लेकिन, लॉकडाउन के कारण वह ग्वालियर या आगरा नहीं जा सका। बृहस्पतिवार को पुत्र ने छत पर जाने के लिए सीढ़ियों की चाबी मांगी और छत पर चला गया था। शक होने पर वह छत पर गया तो उसका पुत्र छत के दूसरी ओर दीवार पर साड़ी से फांसी के फंदे पर लटक रहा था। नेहरु नगर चौकी इंचार्ज संदीप सेंगर ने बताया कि मृतक इकलौती संतान था।