ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम कल्यानपुरा के रामनगर में एक महिला के साथ उसकी रिश्तेदारी में तेरहवीं में पहुंचे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हालत बिगड़ने से मौत हो गई। महिला युवक का शव लोडिंग टैक्सी में रखकर उसके गांव बांसी पहुंची। परिजनों के आरोप के बाद बांसी चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना जखौरा अंतर्गत कस्बा बांसी निवासी कल्लू उर्फ रामकिशन (30) पुत्र भैयालाल कुशवाहा तीन दिन पहले कस्बा की एक महिला के साथ उसकी रिश्तेदारी में ग्राम कल्यानपुरा के रामनगर में तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गया था और तीन दिन तक घर नहीं लौटा। सोमवार की सुबह जब वह शौच क्रिया को गया तो वहां उसकी हालत खराब होने पर वह एक पेड़ के नीचे लेट गया और उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी लगने पर उक्त महिला शव को एक लोडिंग टैक्सी में रखवाकर कस्बा बांसी में उसके घर लेकर पहुंच गई।
अचानक युवक का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बड़े भाई शिवराज ने इसकी जानकारी कस्बा बांसी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों में छोटा था। मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री है।