मड़ावरा/ललितपुर। थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम पहाड़ी में कठा नाले के पास ग्राम पिपरट निवासी एक युवक का शव अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उपचार के लिए मड़ावरा अस्पताल ले जाते समय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम पिपरट निवासी शिवचरण (30) मंगलवार को दोपहर में एक युवक के साथ घर से किसी काम से निकल गया था। इसके बाद वह देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी खोजबीन कीग, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। ग्राम पहाड़ी में कठा नाले के पास शिवचरण अचेत अवस्था में पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे परिजन उसे उठाकर अस्पताल ले गए, लेकिन वहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई शिवराज ने बताया कि मंगलवार को गांव का एक युवक डीजल लेने के बहाने मोटरसाइकिल से उसके भाई शिवचरण को अपने साथ ले गया था। देर शाम सूचना मिली कि बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और शिवचरण पहाड़ी गांव में कठा नाले के पास पड़ा है। आरोप लगाया कि घटनास्थल की परिस्थितियां व मृतक के शरीर पर घाव संदेहास्पद बता रहे हैं। फिलहाल मड़ावरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
महिला पर किया जानलेवा हमला
मड़ावरा। थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम साढ़ूमल निवासी असगरी बानो (55) मंगलवार की रात को अपने घर में सो रही थी। देर रात को उसके घर में कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। उसके चिल्लाने पर घर के अन्य सदस्य जागे, लेकिन तब तक हमलाकर भाग गए। शोर सुनकर पड़ोसी भी एकत्रित हो गए। घायल महिला को परिजन अस्पताल में उपचार को ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। आशंका जताई कि हमलावर चोरी के उद्देश्य से घर में घुसे होंगे। परिजनों ने इसकी सूचना मड़ावरा पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है।