ललितपुर। थाना नाराहट अंतर्गत कस्बा निवासी 84 वर्षीय वृद्ध की खेत पर सोते समय देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि जमीनी मुकदमा चलने के कारण विपक्षियों ने तीन माह पहले ही परिवार रजिस्टर में वृद्ध की मौत दर्ज करा दी थी।
कस्बा नाराहट निवासी कंछेदी (84 वर्ष) पुत्र हिंदू कुशवाहा शुक्रवार की रात को रोज की तरह घर से कुछ दूर स्थित खेत पर सोने चला गया। शनिवार को सुबह जब उसके भाई - भतीजे खेत पर पहुंचे तो कंछेदी मृत अवस्था में पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर नाराहट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चचेरे भाई मुन्ना ने बताया कि मृतक कंछेेदी की कोई संतान नहीं है और उसका विपक्षियों से जमीनी विवाद भी चल रहा था। जमीन हड़पने के उद्देश्य से विपक्षियों द्वारा तीन माह पूर्व ही परिवार रजिस्टर में कंछेदी की मौत दर्ज करा दी थी, जबकि उसके चाचा कंछेदी की मौत रात में खेत पर हुई है।