तालबेहट। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम बम्हौरीसर के पास किसी वाहन की टक्कर से एक वृद्ध की मौत हो गई। जनपद फिरोजाबाद निवासी रघुवीर (60) वर्ष कोतवाली अंतर्गत ग्राम बम्होरीसर में अस्थाई रूप से रह कर आसपास के गांवों में चूड़ी, बिंदी आदि सौंदर्य सामग्री बेचने का काम करता था। बृहस्पतिवार की रात आठ बजे के लगभग वह रोड किनारे से पैदल अपने निवास स्थान पर जा रहा था। तभी किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। वह गिर गया और बुरी तरह लहूलुहान हो गया। चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। सड़क से गुजर रहे राहगिरों ने जब वृद्ध को घायल अवस्था में देखा तो तत्काल इसकी सूचना एंबुलेंस को दी। इसके बाद घायल वृद्ध को सीएचसी तालबेहट लाया गया। जहां उसकी गंभीर हालत होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। झांसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।