ललितपुर। थाना सौजना क्षेत्र के गांव बारौन में पुलिया पर बैठा ग्रामीण पीछे गड्ढे में भरे पानी में गिर गया, जिससे उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भूसरा गांव निवासी जगदीश पाल (48) पुत्र धरम पाल रविवार की देर शाम डीजल लेकर घर जा रहा था। गांव से करीब एक किलोमीटर पहले ग्राम बारौन की सड़क पर उसने डीजल गांव के एक व्यक्ति से घर भिजवा दिया और खुद सड़क की पुलिया पर बैठ गया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और वह पुलिया के पीछे की ओर गहराई में कीचड़ और पानी में गिरकर डूूब गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे पुलिया से गिरते देखा तो निकालने के लिए दौड़े। लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला लेकिन जब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी पर परिजन व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसान की मौत के कारणों की छानबीन की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।