ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला गांधीनगर में घर से गायब हुए युवक का शव रेल पटरियों पर पड़ा मिला। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताते हैं कि युवक को बीमारी का इलाज कराने के लिए दिल्ली एम्स जाना था।
मोहल्ला गांधीनगर सूचना केंद्र के पास प्रशांति विद्या मंदिर वाली गली निवासी आनंद पाठक (42) पुत्र रामकिशोर शुक्रवार को करीब चार बजे से घर से बिना बताए निकल गया। परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार की शाम को रेलवे मालगोदाम के आगे बीना की ओर रेल पटरियों पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया और उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए।
शनिवार की सुबह रेल पटरियों पर शव मिलने की जानकारी पर परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतक की शिनाख्त आनंद पाठक के रूप में की। परिजनों के अनुसार आनंद काफी दिनों से बीमार चल रहा था, जिसका इलाज दिल्ली में एम्स में चल रहा था। वह कुछ दिनों से बीमारी को लेकर मानसिक तनाव में था और दिल्ली एम्स जाने की बात कह रहा था। मृतक के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उसकी पत्नी महरौनी सीएचसी में नर्स है।