कड़ेसराकलां। ग्राम कड़ेसराकलां के मजरा लंबरदारावारे के आगे बेतवा नदी के जलभराव में बने खैरवारा वाले नाले के समीप सुबह एक मगरमच्छ मरा पड़ा मिला। सूचना पर वन विभाग कर्मी मौके पर पहुंच गए।
गांव के समीप से बेतवा नदी निकली है। इसी नदी से एक नाला निकला हुआ है, इसमें हर समय पानी रहता है। इसके कारण इसमें मछलियां रहती हैं। मछलियों को खाने के लिए अक्सर नाले में मगरमच्छ आ जाते हैं। अवैध रूप से मछली का शिकार करने वाले यहां अक्सर आते रहते हैं। ग्रामीणों का मानना है मछली मारने के लिए शिकारियों द्वारा किए गए डायनामाइट के विस्फोट में आने से मगरमच्छ घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी प्रेमशंकर तिवारी ने बताया कि मगरमच्छ की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर गई थी। मगरमच्छ का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। उसकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद कोई कार्रवाई होगी।