- केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों को कनेक्ट कर कंट्रोल रूम से की जाएगी परीक्षा की निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड की 24 जनवरी से शुरू हो रही इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा की निगरानी के लिए डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे इस कंट्रोल रूम से कनेक्ट रहेंगे। यहां पर लगाई जा रही बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन पर परीक्षा केंद्र की हर गतिविधि की निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम में कर्मचारी और एक प्रभारी तैनात रहेगा।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की परीक्षाएं फरवरी माह से शुरू होगी। जिसमें हाईस्कूल में 20463 व इंटरमीडिएट के 16214 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा से पहले इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं की प्रयोगात्मक परीक्षा 24 जनवरी से शुरू हो रही है। परीक्षा के लिए 57 केंद्र निर्धारित किए हैं। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। परीक्षा को शांति पूर्वक और नकलविहीन कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग पुख्ता इंतजाम करने में जुटा हुआ है। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होने वाली प्रयोगात्मक परीक्षा की सुचिता बनाए रखने और गतिविधि पर नजर बनाए रखने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां पर बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। इन एलईडी पर सभी परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे को जोड़कर निगरानी की जाएगी। वहीं, कंट्रोल रूम प्रभारी सहित कर्मचारियों को नामित करने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके साथ परीक्षा के दौरान सुरक्षा भी कड़ी रहेगी। केंद्रों के बाहर पुलिस तैनात रहेगी। वहीं, परीक्षा देने आने वाले छात्रों की केंद्र के अंदर प्रवेश करने से पूर्व गहनता से तलाशी ली जाएगी और आपत्तिजनक वस्तु न मिलने के बाद ही अंदर प्रवेश दिया जाएगा। इसके साथ नकल रोकने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ साथ सचल दल भी भ्रमणशील रहेंगे। डीआईओएस ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होने वाली प्रयोगात्मक परीक्षा की निगरानी के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां पर परीक्षा की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। परीक्षा शांतिपूर्वक और नकलविहीन कराई जाएगी।