- स्कूल छोड़ने के बहाने से बाइक पर बैठाकर ले गया लॉज, नशीला पानी पिलाकर बेहोश करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कक्षा नौवीं की छात्रा को स्कूल छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठाकर युवक ने एक लॉज में ले जाकर नशीला पानी पिलाकर दुष्कर्म किया। इसके साथ ही अश्लील फोटो खींचकर ब्लैकमेल कर फोटो वायरल कर दिया। कोतवाली पुलिस ने एक लड़की सहित आरोपी विनय निवासी ग्राम मुहारा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
कोतवाली सदर अंतर्गत एक ग्राम निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें बताया कि उसकी पुत्री कक्षा-9 में शहर में स्थित एक बालिका इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। नवंबर 2023 को गांव की ही एक लड़की ने फोन किया और कहा उसका जन्मदिन है। जन्मदिन ललितपुर में मनाने की बात कही। पुत्री ने स्कूल जाने की बात कही तो लड़की ने कहा कि वह अपनी भाभी के भाई विनय को बुलाकर के स्कूल छुड़वा देती है। इसके बाद विनय कुमार निवासी ग्राम मुहारा थाना जखौरा को चीरा हाईवे पर बुला लिया। आरोपी लड़की ने उसकी पुत्री को षडयंत्र पूर्वक विनय की बाइक पर बैठा दिया और कहा कि वह भी अपने स्कूल जा रही है। जैसे ही स्कूल की छुट्टी होगी वह ललितपुर टैक्सी से आ जाएगी। अभी वह विनय के साथ उसकी बाइक से स्कूल चली जाए। उसकी पुत्री आरोपी विनय की बाइक पर बैठ गई। आरोपी उसकी पुत्री को चीरा से बाइक द्वारा लिवा ले गया। यहां आरोपी उसकी पुत्री को स्कूल ले जाने की बजाय स्टेशन रोड पर स्थिल एक लॉज में ले गया। पुत्री ने पूछा कि कहां ले आए हो तो आरोपी ने कहा कि पहले पानी पी लो, फिर वह उसे स्कूल छोड़ देगा। जैसे ही पुत्री ने पानी पिया वह बेहोश हो गई। आरोपी विनय ने पानी में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया था। इसके बाद आरोपी ने उसकी पुत्री के साथ लॉज के कमरे में दुष्कर्म किया। जब पुत्री को होश आया तो देखा कि वह निर्वस्त्र थी और आरोपी ने बिना कपड़ों में ही फोटो खींच ली थी। इसके बाद आरोपी उसकी पुत्री को लगातार ब्लैकमेल करता रहा। सामाजिक शर्म के चलते पुत्री ने किसी को कुछ नहीं बताया। 16 दिसंबर 2025 को विनय ने उसकी पुत्री की उक्त बिना कपड़ों की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
30 दिसंबर 2025 को पुत्री ने पूरी घटना की जानकारी उसे बताई। इस पर उसने जब आरोपी को उलाहना दिया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।