पांच लाख रुपये की लागत से हो रहा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विकास भवन परिसर में पांच लाख की लागत से मोटे अनाज की कैंटीन खोली जाएगी। इसमें कम कीमत पर लोगों को मोटे अनाज से बने पौष्टिक व्यंजन आदि उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य लोगों के स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक आहार मुहैया कराना है।
शासन की ओर से मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए अब मिलेट्स कैंटीन और स्टोर खोले जा रहे हैं। इसमें प्रेरणा कैंटीन और दीदी कैफे के मेन्यू में मोटे अनाज के व्यंजन शामिल किए जाएंगे। इसके साथ ही मिलेट्स उत्पादों की बिक्री के लिए मोबाइल आउटलेट और स्टोर खोलने पर अनुदान भी दिया जा रहा है ताकि मोटे अनाज को आम लोगों तक आसानी से पहुंचाया जा सके।
विकास भवन में प्रेरणा कैंटीन की तर्ज पर मोटे अनाज से बने व्यंजन आम लोगों को उपलब्ध कराने के लिए अब मिलेट्स कैंटीन का निर्माण किया जा रहा है। यह कैंटीन लगभग पांच लाख रुपये की लागत से तैयार की जा रही है। यहां मोटे अनाज से बने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध होंगे तो वहीं मोटे अनाज से बने विभिन्न प्रकार के पैक्ड सामान भी मुहैया कराए जाएंगे। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती ने बताया कि प्रेरणा कैंटीन की तर्ज पर यह मिलेट्स कैंटीन बनाई जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी स्तर से इसका संचालन शुरू किया जाना है।