ललितपुर। विकासखंड बिरधा अंतर्गत ग्राम सलैया के कारस देव मंदिर परिसर में हुई संयुक्त कुशवाहा दल की बैठक में प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर रोष जताया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्राइवेट स्कूल शिक्षा के व्यवसायिक केंद्र बनते जा रहे हैं।
जिलाध्यक्ष रामज्योति कुशवाहा ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों पूर्व खुले अधिकांश निजी स्कूल वर्तमान मान्यता नियमों की कसौटी पर खरे नहीं उतरते हैं। कोई स्कूल एक दो कमरों में संचालित हो रहा है, तो किसी के पास टीनशेड या खप्पर वाला भवन है, जिनमें न तो पर्याप्त रोशनी है और न ही बैठने को फर्नीचर। कई कान्वेंट एवं पब्लिक स्कूलों ने पुस्तकें खरीदने को बुक डिपो के नाम तय कर दिए हैं। एलकेजी से लेकर कक्षा पांचवीं की पुस्तकें तय दुकानों पर ही उपलब्ध कराईं जा रहीं हैं। मजबूरन, अभिभावकों को उन्हीं दुकानों से ऊंचे दामों पर कापी, किताबें खरीदनी पड़ रही है। कमोवेश यही स्थिति टाई, बेल्ट, यूनीफार्म की है। तय दुकानों पर ही ड्रेस संबंधी सामान अभिभावकों को मिल रहे हैं। कई विद्यालय तो सीबीएसई पैटर्न पर हवाला देकर मनमानी फीस लेने में कामयाब हो रहे हैं। स्कूली बच्चों से पंजीकरण शुल्क, भवन शुल्क आदि लेने की मनाही है। इसके बाद भी विभागीय अफसर ऐसे स्कूलों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। इस दौरान रामू चौबे ने कहा कि शासन ने 25 प्रतिशत गरीब बच्चों को मुफ्त शिक्षा का हक दिया है लेकिन अधिकांश प्राइवेट स्कूल गरीब बच्चों को प्रवेश देने में कन्नी काट रहे हैं। उन्होंने डीएम से कार्रवाई की मांग की है। बैठक में विश्वनाथ कटारे, आशीष चौबे, अनुराग दीक्षित, अभिषेक मिश्रा, राजकुमार कुशवाहा, ओपी कुशवाहा, राशिद खां, नौशाद खां, प्रभुदयाल नामदेव, धर्मेंद्र झा, नितिन पाराशर, घनश्याम सिंधी, राघवेंद्र सिसौदिया, राजू सिसौदिया, प्रकाश झा, इकराम खान आदि उपस्थित रहे।
तालबेहट क्षेत्र में धारा 144 लागू
ललितपुर। त्योहारों के मद्देनजर जिले के तालबेहट क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है। 18 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक यह धारा प्रभावी रहेगी। उप जिला मजिस्ट्रेट तालबेहट रत्नाकर मिश्र ने कहा कि 13 जुलाई से श्रावण मास प्रारंभ हो रहा है। वहीं, वर्तमान में रमजान का पर्व मनाया जा रहा है। 29 जुलाई को ईद उल फितर का त्योहार मनाया जाएगा। इसे ध्यान में रखकर धारा 144 को लागू किया गया है।