ललितपुर। प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा जिले के राजकीय हाईस्कूलों के भवन निर्माण की गति से नाराज हैं। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक से दूरभाष पर स्कूल निर्माण की जानकारी लेने के पश्चात कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण में दिलचस्पी न लेने पर धनराशि भी अवमुक्त नहीं की जाएगी।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत जिले में संचालित राजकीय हाईस्कूलों के भवन निर्माण का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शासन से लेकर प्रशासन अब इसको लेकर गंभीर हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि पेकफैड संस्था ने मई 2012 मेें 8 स्कूल एवं शेष दो भवनों का निर्माण माह नवंबर 2012 में शुरू किया था। इसके बाद संस्था की मांग पर कई बार समयावधि बढ़ाई गई। लेकिन, अभी तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका। शासन प्रशासन में बैठे अफसर नए शैक्षिक सत्र को लेकर चिंतित हैं। उनकी मंशा है कि नया शैक्षिक सत्र नए भवन में ही प्रारंभ हो। ऐसे में भवन निर्माण की गति को लेकर उन्होंने कड़ा रुख अपना लिया है। बकौल जिला विद्यालय निरीक्षक एमपी सिंह प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा मनोज कुमार सिंह ने उनसे दूरभाष पर संपर्क साधकर निर्माण कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यदायी संस्था की लापरवाही को कतई अनदेखा नहीं किया जाए। यदि संस्था के अधिकारी निर्माण में रूचि नहीं ले रहे हैं तो उन्हें अगली किस्त अवमुक्त नहीं की जाए। उन्होंने संस्था कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए।