ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मुहल्ला करीम नगर में विपक्षियों ने घर में घुसकर महिला सहित उसके पूरे परिवार की लात घूसों से पिटाई कर दी। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। पुलिस ने विपक्षियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मुहल्ला करीम नगर निवासी रामदयाल साहू के घर के सामने एक प्लाट पर मुहल्ले के बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। मंगलवार शाम पांच बजे क्रिके ट खेल रहे बच्चों की गंदी गेंद रामदयाल साहू के घर में चली गई, इस पर रामदयाल की पत्नी रुकमनी बच्चों को डांटने लगी। इससे बच्चों के पिता श्रीपाल आक्रोशित हो गए और परिवार सहित महिला के घर पहुंच गए। दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। इस दौरान श्रीपाल के पूरे परिवार ने घर में घुसकर रुकमनी की लात घूसों से पिटाई कर दी। शोरगुल सुनकर पड़ोस में रहने वाली कमला एवं भावना देवी मौके पर पहुंच गईं और बीच बचाव करने लगी। आरोपियों ने इन महिलाओं की भी पिटाई कर दी। बुधवार को पीड़ित महिलाएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और एसपी को घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने विपक्षियों के खिलाफ धारा 452, 323, 504 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।