ललितपुर / सैदपुर/ नाराहट। थाना मड़ावरा व मदनपुर की सीमा के निकट ग्राम जलंधर में बोलेरो सवार बदमाश एक चरवाहे को पेड़ से बांधकर उसकी बकरियां लूटकर ले गए। वारदात के बाद भागे बदमाशों ने मालथौन थाना क्षेत्र में लगे बैरियर को तोड़ दिया, जिससे एक सिपाही घायल हो गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश पुलिस ने संयुक्त रूप से नाकेबंदी की, लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे।
थाना मड़ावरा व मदनपुर की सीमा में स्थित ग्राम जलंधर निवासी प्यारेलाल पाल अपनी बकरियां सड़क किनारे चरा रहा था। शाम करीब पांच बजे काले रंग की बोलेरो में सवार बदमाशों ने चरवाहे को पकड़कर एक पेड़ से बांध दिया तथा आधा दर्जन बकरियों को बोलेरो में भरकर मध्य प्रदेश की ओर भाग निकले। पहाड़ी स्टैंड के निकट बदमाशों ने तीन बकरियों को चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया। इसके बाद बदमाशों की गाड़ी मध्यप्रदेश के थाना मालथौन क्षेत्र की ओर चली गई रास्ते में पुलिस का बैरियर तोड़ते हुए कार नाराहट की ओर चली गई, इस दौरान बोलेरो की चपेट में आकर मालथौन थाने में पदस्थ एक सिपाही घायल हो गया। इसके बाद दोनों प्रांतों की पुलिस ने कंट्रोल रूम के माध्यम से बदमाशों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी कर दी। जनपद के थाना नाराहट व रिपोर्टिंग चौकी बिरधा क्षेत्र में पुलिस बल ने बैरियर लगाकर वाहनों की सघन चेकिंग की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बोलेरो सवार बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लग सके थे। महत्वपूर्ण बात यह है कि काले रंग की बोलेरो में सत्ताधारी दल का झंडा भी लगा हुआ है।