ललितपुर। मुहल्ला आजादपुरा के एक मकान की किचिन में सिलेंडर में लीकेज के कारण आग लग गई, जिससे घर में अफरा तफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
मुहल्ला आजादपुरा स्थित पूर्व सदर विधायक निवास के बगल में स्थित विष्णु गोपाल के मकान में ग्राम गुढ़ा निवासी अजय तिवारी किराये से रहता है। शुक्रवार सुबह उनकी रसोई घर में खाना पक रहा था, तभी अचानक गैस सिलेंडर की रवर में लीकेज होने के कारण उसमें आग लग गई। रसोई घर में मौजूद परिजन चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागे। शोरगुल सुन परिवार सहित पड़ोस में भी अफरा तफरी मच गई। मुहल्लेवासियों ने दमकल विभाग को घटना की सूचना दी, जिस पर दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। दमकल अधिकारी आरडी निराला ने बताया कि हादसे से अधिक क्षति नहीं हुई है।